दिल्ली के संगम विहार इलाके में घर के बाहर खेल रहे 18 महीने के बच्चे पर आवारा कुत्ते ने हमला कर दिया। कुत्ते ने बच्चे को जमीन पर गिराकर उसके चेहरे और शरीर के कई हिस्सों को नोच दिया। गंभीर रूप से घायल बच्चे को अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है।
बच्चे की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है। डॉक्टरों ने चेहरे की चोटों को देखते हुए प्लास्टिक सर्जरी की सलाह दी है। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें कुत्ता बच्चे पर हमला करता दिखाई दे रहा है।
बच्चे की चीख सुनकर आसपास के लोग और परिजन मौके पर पहुंचे और कुत्ते को भगाकर उसे बचाया। इसके बाद बच्चे को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।
सीसीटीवी में कैद हुआ हमला
घटना संगम विहार की गली नंबर-5 में हुई। सामने आए सीसीटीवी फुटेज में कुत्ता बच्चे को जमीन पर गिराकर उस पर लगातार हमला करता दिखाई देता है। हमले में बच्चे के चेहरे समेत शरीर के कई हिस्सों पर चोटें आई हैं।
घटना के बाद इलाके में लोगों में नाराजगी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में पहले से आवारा कुत्तों की समस्या बनी हुई है और नियमित निगरानी की जरूरत है।
नगर निगम ने कुछ कुत्तों को किया रेस्क्यू
घटना की जानकारी मिलने के बाद नगर निगम की टीम ने इलाके में कार्रवाई की। टीम ने कुछ आवारा कुत्तों को रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थान पर भेजा।
हालांकि, जिस कुत्ते ने बच्चे पर हमला किया था, उसके अभी तक पकड़े जाने की जानकारी नहीं है। इससे स्थानीय लोगों की चिंता बनी हुई है।
परिवार ने नियमित निगरानी की मांग की
बच्चे के पिता इसराज खान, जो ऑटो चालक हैं, ने आवारा कुत्तों से सुरक्षा को लेकर स्थानीय स्तर पर प्रभावी निगरानी की मांग की है। उन्होंने हमलावर कुत्ते को जल्द पकड़ने के साथ संकरी गलियों में नियमित निगरानी और आवारा कुत्तों की आबादी को नियंत्रित करने के लिए स्थायी व्यवस्था की मांग की।
स्थानीय लोगों ने विधायक से भी क्षेत्र में सुरक्षा से जुड़े इंतजाम कराने की मांग की है।
दिशा सालियान के पिता का आदित्य ठाकरे को 500 करोड़ का नोटिस, 7 दिन में माफी की मांग