Etah News वृद्ध ने जहर खाया, इलाज के दौरान मौत; पुलिस के पहुंचने से पहले हो चुका था अंतिम संस्कार

एटा। मिरहची थाना क्षेत्र के आसेपुर गांव में 60 वर्षीय वृद्ध की जहर खाने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजन उसे गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस गांव पहुंची, लेकिन तब तक परिजन शव का अंतिम संस्कार कर चुके थे।

जहर खाने के बाद बिगड़ी हालत

आसेपुर निवासी श्यामवीर (60) ने बुधवार को कथित तौर पर घर पर ही जहर खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे सुबह करीब 11 बजे मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। परिजनों ने स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों को बताया कि वृद्ध ने घर पर ही जहरीला पदार्थ खा लिया था।

मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान कुछ देर बाद श्यामवीर की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि उसकी आर्थिक स्थिति ठीक नहीं थी और उस पर कर्ज होने की चर्चा भी सामने आई है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

पोस्टमार्टम नहीं कराया, अंतिम संस्कार किया

घटना की जानकारी मिलने के बाद मिरहची पुलिस गांव पहुंची, लेकिन तब तक परिजन शव का अंतिम संस्कार कर चुके थे। पुलिस के अनुसार, परिवार की ओर से बताया गया कि वृद्ध की अचानक तबीयत खराब हुई थी और उल्टी होने के बाद उसे मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया।

मिरहची थाना प्रभारी विदेश राठी ने बताया कि पुलिस गांव पहुंची थी, लेकिन तब तक अंतिम संस्कार हो चुका था।

एक युवक ने भी जहरीला पदार्थ खाया

इसी थाना क्षेत्र के हजरतपुर गांव में एक युवक द्वारा जहरीला पदार्थ खाने का मामला भी सामने आया है। हजरतपुर निवासी धनवेश को मंगलवार को परिजन मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे थे।

परिजनों ने बताया कि युवक ने घर पर ही जहरीला पदार्थ खा लिया था। सूचना पीआई के माध्यम से पुलिस को दी गई है। युवक की स्थिति और घटना के कारणों को लेकर पुलिस स्तर से जानकारी जुटाई जा रही है।

More

Leave a Comment