एटा। कोतवाली नगर क्षेत्र के रेवाड़ी मोहल्ले स्थित एक किराना दुकान में चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। चोर दुकान की छत पर लगी टीन काटकर अंदर घुसे और गुल्लक में रखी करीब 3 से 4 लाख रुपये की नकदी चोरी कर फरार हो गए। शनिवार सुबह दुकान खोलने पर घटना की जानकारी हुई। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी।
छत की टीन काटकर दुकान में घुसे चोर
जानकारी के अनुसार, बिसारिया कंपाउंड में स्थित नंदू किराना स्टोर की मालकिन रितु गुप्ता शुक्रवार को रोजाना की तरह दुकान बंद करके घर चली गई थीं। उन्होंने दिनभर की बिक्री से मिली नकदी दुकान की गुल्लक में रखी थी।
बताया गया कि रात में चोर दुकान की छत पर लगी टीन काटकर अंदर दाखिल हुए। इसके बाद गुल्लक में रखे रुपये लेकर फरार हो गए।
सुबह दुकान खोलने पर चला चोरी का पता
शनिवार सुबह करीब 9 बजे जब रितु गुप्ता दुकान पहुंचीं और शटर खोलकर अंदर गईं, तो सामान बिखरा हुआ मिला। जांच करने पर गुल्लक से नकदी गायब मिली। इसके बाद पुलिस को चोरी की सूचना दी गई।
दुकानदार ने पुलिस को बताया कि गुल्लक में करीब 3 से 4 लाख रुपये रखे थे, जिन्हें चोर चोरी कर ले गए।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
सूचना मिलने पर पटियाली गेट चौकी के उपनिरीक्षक लोकेश कुमार पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने दुकान का निरीक्षण कर जांच शुरू की। आसपास की दुकानों और इमारतों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी देखी जा रही है।
उपनिरीक्षक लोकेश कुमार ने बताया कि दुकानदार ने करीब 3 से 4 लाख रुपये की नकदी चोरी होने की जानकारी दी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश की जा रही है।
घटना से व्यापारियों में चिंता
चोरी की जानकारी मिलने पर एटा व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष अतुल राठी भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि दुकान की गुल्लक से करीब चार लाख रुपये चोरी हुए हैं। घटना के बाद आसपास के व्यापारियों में चिंता का माहौल है।
फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।