मध्य प्रदेश के सागर जिले के बंडा में शनिवार रात संदिग्ध जहरीली शराब पीने के बाद बड़ी संख्या में लोगों की तबीयत बिगड़ गई। अब तक 14 लोगों की मौत की जानकारी सामने आई है, जबकि 100 से अधिक लोगों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।
गंभीर हालत वाले मरीजों को बंडा से सागर स्थित बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी) रेफर किया गया है। प्रशासन और पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल जहरीली शराब को घटना की संभावित वजह मानकर भी जांच की जा रही है, लेकिन अंतिम कारण जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।
बंडा अस्पताल में भर्ती कराए गए 100 से ज्यादा लोग
शनिवार रात बड़ी संख्या में लोगों की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें बंडा के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। इलाज के दौरान 14 लोगों की मौत हो गई। मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम बंडा अस्पताल में कराया जा रहा है।
गंभीर मरीजों को बेहतर उपचार के लिए बीएमसी सागर भेजा गया। उपलब्ध जानकारी के अनुसार हरनाम राय, उत्तम नत्थू नायक, मंगल रजक, परम आदिवासी और धनसिंह आदिवासी को बीएमसी रेफर किया गया है।
प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे
घटना की सूचना मिलने के बाद सागर कलेक्टर प्रतिभा पाल और पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया समेत वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी बंडा पहुंचे। अधिकारियों ने अस्पताल जाकर मरीजों की स्थिति की जानकारी ली और पूरे मामले की जांच शुरू कराई।
स्थिति को देखते हुए बंडा में अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है, ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे और किसी तरह की अफरा-तफरी न हो।
मृतकों में कई गांवों के लोग शामिल
पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक मृतकों में गोलू उर्फ चमन लोधी, दिग्विजय लोधी, करतार सिंह लोधी, उजियार सिंह लोधी, रोशन लोधी और राजेंद्र लोधी समेत अन्य लोग शामिल हैं। मृतकों की उम्र 28 से 56 वर्ष के बीच बताई गई है।
पुलिस के अनुसार गोलू उर्फ चमन लोधी को पहले से कैंसर की शिकायत होने की जानकारी भी सामने आई है। हालांकि, अन्य मौतों के वास्तविक कारण और घटना में शराब की भूमिका की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
जहरीली शराब की आशंका की जांच जारी
इतनी बड़ी संख्या में लोगों के एक साथ बीमार पड़ने और मौतों के बाद जहरीली शराब की आशंका को लेकर जांच की जा रही है। प्रशासन घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रहा है।
फिलहाल जांच का मुख्य फोकस यह पता लगाने पर है कि लोगों की तबीयत किन परिस्थितियों में बिगड़ी और इसके पीछे वास्तविक कारण क्या था। पोस्टमार्टम और अन्य जांच से मौतों के कारण की स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है।
दिल्ली सत्य निकेतन में बिल्डिंग ढही, 8 लोगों के दबे होने की आशंका